झारखंड
अनुसूचित जाति समाज आज भी पिछड़ा है: अमर बाउरी
By Deshwani | Publish Date: 17/12/2017 11:14:15 AMरांची, (हि.स.)। खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज आज भी पिछड़ा हुआ है। इसके लिए जरूरी है कि हम बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के आदर्श शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो, की तर्ज पर ही आगे बढ़ सकते हैं। अमर बाउरी शनिवार को धुर्वा स्थित मत्स्य विभाग के सभागार में आयोजित प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य में कुल आबादी का 12 प्रतिशत अनुसूचित जाति के लोग हैं लेकिन इस प्रतिशत को साजिश के तहत मात्र आठ प्रतिशत बताया जा रहा है। इसलिए अनुसूचित जाति के विभिन्न वर्ग के लोग एक मंच पर इकट्ठा हों, ताकि हम अपनी बातें रख सकें। इस मौके पर मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विवेक सोनकार ने कहा कि देश में भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है, जिसने अनुसूचित जाति के साथ समाज के अन्य जातियों को साथ लेकर विकास की कल्पना की है। झारखण्ड में अनुसूचित आयोग की स्थापना राज्य में जल्द हो, इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सोचना होगा। आयोग के बनने से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सुलभ होगा।
उन्होंने अनुसूचित जाति के सभी लोगों को जागरुक रहने का आह्वान किया। प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल ने कहा कि मोर्चा को बहुत मेहनत करने की जरूरत है। 513 मंडलों में मंडल संगठन का गठन करना है। बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है। आज कई पार्टियां जाति के आधार पर चल रही हैं, लेकिन भाजपा हर जातियों को एक साथ ले कर चलने का काम करती है। उन्होंने कहा कि मोर्चा के लोग वोटर से ज्यादा कार्यकर्ता बनाने का प्रयास करें, तभी हमारी सच्ची जीत होगी। इस अवसर पर देवघर विधायक नारायण दास, मोर्चा के झारखण्ड प्रभारी पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम, कांके विधायक डॉ जीतूचरण राम, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।