झारखंड
थोड़ा इंतजार करें, जाम मुक्त होगी रांची: भाजपा
By Deshwani | Publish Date: 30/11/2017 4:56:01 PMरांची, (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने कहा है कि कई वर्षों से लगातार रांची जाम हो रही है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सड़कों पर उतर कर रांची को जाम मुक्त करने का बीड़ा उठाया है । गली मोहल्ले में जाकर लोगों के साथ बैठक की। कई ऐसे रोड कट को बंद कराया है, जिसके कारण लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
बरनवाल ने कहा कि शुरुआती दौर में कुछ परेशानियां जरूर होती हैं परंतु अंततः परेशानी दूर होगी। इस विषय पर उच्च न्यायालय ने भी मुख्यमंत्री के कदम को सराहा है। मुख्यमंत्री के निर्णय को बिल्कुल सही बताया है और लोगों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के सकारात्मक प्रयास को सहयोग करें और रांची को स्वच्छ और जाम मुक्त शहर बनाएं। भाजपा उच्च न्यायालय का आभार प्रकट करती है। साथ ही साथ विपक्ष के कई नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए बरनवाल ने कहा कि तीन वर्षों में सिर्फ नकारात्मक सोच रखने वाले विपक्ष का एकमात्र कार्य मुख्यमंत्री के किसी भी निर्णय का विरोध करना ही रह गया है। बर्णवाल ने कहा कि विपक्ष मुख्यमंत्री का विरोध कर अखबार में छपने को ही उपलब्धि मानता है।