झारखंड
छात्र संगठन शुरू करेगा यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान
By Deshwani | Publish Date: 29/11/2017 5:44:30 PMदुमका, (हि.स.)। छात्र चेतना संगठन दुमका नगर इकाई की बैठक स्थानीय संगठन कार्यालय में बुधवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर महासचिव आबू अंसारी ने की। बैठक में मुख्य रूप से छात्र चेतना संगठन के संथाल प्रभारी राजीव मिश्रा , कार्यसमिति सदस्य संजू ठाकुर एवं नगर प्रमुख यस राज वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए संथाल परगना प्रभारी राजीव मिश्रा ने कहा कि छात्र चेतना संगठन समाज के सभी वर्ग के युवा एवं युवतियों को जोड़कर एक समृद्ध और सुदृढ़ भारत का निर्माण करेगा। संजू ठाकुर ने कहा कि छात्र चेतना संगठन समाज के सभी व्यक्तियों का संगठन है और उनकी भागीदारी राष्ट्र के निर्माण में सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है। यस राज वर्मा ने कहा कि इस आधुनिकता के युग में आज युवा पीढ़ी सड़क दुर्घटना का काफी शिकार हो रही है। इस को ध्यान में रखते हुए छात्र चेतना संगठन द्वारा 5 दिसम्बर को समाज एवं युवाओं को जागरूक करने के लिए हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए बाइक चेतना रैली निकाली जायेगी, जिसमें संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता एवं समाजसेवी हिस्सा लेंगे एवं समाज को एक नई विचारधारा देंगे।