झारखंड
संगठन की मजबूती को लेकर कांग्रेस में बैठकों का दौर
By Deshwani | Publish Date: 29/11/2017 3:34:28 PMरांची, (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को इन दिनों संगठन की मजबूती को लेकर टास्क दिया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार लगातार प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। पार्टी को प्रखंड, गांव, पंचायत स्तर तक पहुंचाने को लेकर वह गंभीर नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में वह कांग्रेस जिलाध्यक्षों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं।
डॉ. अजय कुमार ने जब से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला है, तबसे वह और सक्रिय हो गए हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह जमशेदपुर, रांची, गुमला सहित अन्य जिलों में जाकर वहां के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर टास्क दे रहे हैं। उनका स्पष्ट निर्देश है कि पार्टी को मजबूत करना है और संगठन का विस्तार भी करना है, ताकि प्रदेश कांग्रेस में अधिक से अधिक लोग शामिल हो सकें और पार्टी का जनाधार बढ़ सके। इस संबंध में कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के निर्देश पर विभिन्न जिलों में बैठक आयोजित की जा रही है। इस दौरान संगठन की मजबूती पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा कांग्रेस नेताओं को कई दिशा-निर्देश व टास्क भी दिया जा रहा है।