झारखंड
अगले दो दिनों तक तापमान में आयेगी गिरावट
By Deshwani | Publish Date: 25/11/2017 5:32:12 PMरांची, (हि.स.)। राजधानी, रांची समेत पूरे राज्य में सामान्य से ऊपर चल रहा पारा तेज़ी से नीचे गिरा है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी बंद होने के बाद उत्तर-पश्चिमी हवा अपने साथ बर्फीली सर्दी लेकर झारखंड तक पहुंच रही हैं। अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम हवा इसी तरह से चलती रहेगी और तापमान में गिरावट आयेगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 नवम्बर तक इसी तरह से ठंडी हवा जारी रहेंगी और पारा व्यापक रूप से नीचे ही रहेगा । 28 नवम्बर से हवाओं के रुख में बदलाव के आसार हैं उसके बाद तापमान में कुछ वृद्धि होगी जिससे शीतलहर से राहत मिलेगी ।
झारखंड में आमतौर पर इस समय अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है लेकिन कई क्षेत्रों में पारा 3-5 डिग्री तक नीचे गिरा है। शनिवार को राजधानी रांची सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है। डाल्टनगंज में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम यानी 10 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि जमशेदपुर में सामान्य से 3 डिग्री नीचे 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ ।