झारखंड
झारखंड स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे राष्ट्रपति
By Deshwani | Publish Date: 9/11/2017 11:59:38 AMरांची, (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस को लेकर मोराबादी मैदान में कार्यक्रम की तैयारी जोर शोर से चल रही है कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे। समय पर समारोह स्थल का स्टेज तैयार हो इसे लेकर कारीगर दिन रात काम में लगे हुए हैं। 15 नवम्बर को स्थापना दिवस है। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा।
इसे लेकर गुरुवार को पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा भी लिया। मौके पर एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, सिटी एसपी अमन कुमार और एनडीसी राजेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी पहुंचे।
इस दौरान एसएसपी ने सुरक्षा से संबंधित कई दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही पार्किंग को लेकर ट्रैफिक एसपी को व्यवस्था करने का निर्देश दिया। स्टेज निर्माण कार्य पर डीसी मनोज कुमार ने पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। डीसी ने बताया कि जिले के स्तर पर भी तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं।
रिम्स ऑडिटोरियम में शनिवार को जिला स्तर पर लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग और कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा भी परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।