झारखंड
स्थापना दिवस पर प्रभात फेरी निकालने का निर्देश
By Deshwani | Publish Date: 28/10/2017 10:30:20 AMरांची, (हि.स.)। राज्य का 18वां स्थापना दिवस 15 नवंबर को मनाया जाएगा। इस रोज सभी जिलों में प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके अलावा कई जिलों में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।
स्कूली शिक्षा और साक्षरता सचिव आराधना पटनायक ने राज्य के स्थापना दिवस समारोह को लेकर सभी जिलों में प्रभात फेरी निकालने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि पूरे राज्य में उपायुक्त बच्चों की प्रभात फेरी निकालें। सभी जिलों में जिला स्तर पर एक मुख्य कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाए। इसी कार्यक्रम के तहत पहले चरण में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। स्थापना दिवस के दिन उपायुक्त की अध्यक्षता में हमारा लक्ष्य है कि सभी शिक्षक पहले झारखंड को शिक्षित करने की शपथ लें, फिर प्रभात फेरी में बच्चे शिक्षित झारखण्ड के बैनर और होर्डिंग को लेकर आगे बढ़ेंगे।
राज्य स्थापना दिवस को लेकर राज्य सरकार की ओर से भी तैयारियां की जा रही हैं। 15 नवंबर को स्थापना दिवस का मुख्य समारोह राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित मैदान में होगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और अन्य लोग इस मौके पर उपस्थित रहेंगे।