झारखंड
झारखंड के कई हिस्सों में मध्यम से ज्यादा बारिश
By Deshwani | Publish Date: 10/10/2017 4:55:02 PMरांची, (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में कोलकाता के ऊपर बने कम दबाव के सिस्टम की वजह से रांची समेत झारखंड के कई क्षेत्रों में मध्यम से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। सैटेलाइट से मिल रही तस्वीरों के विश्लेषण के आधार पर रांची मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक ने बताया कि राज्य के पूर्वी जिलों में नौ अक्टूबर की देर रात से ही कम दवाब के सिस्टम का असर दिखने लगा था, जो अगले दो दिनों तक रहेगा।
इस दौरान राज्य के पूर्वी जिलों में तेज हवा चलने की भी चेतावनी मौसम केन्द्र ने जारी की है। मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने बताया कि कोलकाता के आसपास अत्यंत कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसकी वजह से राज्य में अगले दो दिनों तक बारिश और तेज हवा का मौसम बना रहेगा। इस दौरान 45 से 50 किमी की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्कता बरतने को कहा है। मंगलवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।