झारखंड
झारखंड में नकली डाबर आंवला केश तेल के व्यापार का हुआ पर्दाफाश
By Deshwani | Publish Date: 6/3/2019 5:00:06 PMचैनपुर (पलामू)। झारखंड के पलामू जिला की चैनपुर पुलिस ने आज चैनपुर थाना के निकट सूर्य मंदिर रोड में बड़े पैमाने पर नकली डाबर आंवला केश तेल बनाने की फैक्ट्री तथा नकली तेल बनाने वाले को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर टीम बनाकर छापेमारी की गयी।
छापामारी के दौरान अवैध व्यापार में लिप्त चैनपुर निवासी शमीम सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फैक्ट्री से 450 बोतल 90ml भरा हुआ तथा 280 खाली शीशी बरामद की गयी है। करीब 2000 स्टिकर भी बरामद किए गए हैं।
डाबर कंपनी के प्रमुख जांच अधिकारी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बरामद माल की कीमत लगभग एक लाख रुपये है। कंपनी के जांच अधिकारी रंजीत कुमार सिंह एवं चंद्रेश्वर सिंह ने कहा कि करीब पांच-छह महीने पहले इन्हें सूचना मिली की कंपनी का डुप्लीकेट माल तैयार किया जा रहा है।
जांच के क्रम में पता चला कि नकली माल का काम चैनपुर से ही संचालित हो रहा था। इसकी शिकायत कंपनी ने पुलिस अधीक्षक से की।
इस छापामारी अभियान में थाना प्रभारी सुनीत कुमार, सहायक निरीक्षक वीरेंद्र पासवान सहित कई पुलिस बल शामिल थे।