जमशेदपुर
जमशेदपुर से कोलकाता के बीच बुधवार से विमान सेवा शुरू
By Deshwani | Publish Date: 27/2/2018 5:44:01 PM
जमशेदपुर। झारखंड से पश्चिम बंगाल की यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। बुधवार से कोलकाता जाना आसान हो जायेगा। जमशेदपुर से यात्रा शुरू करने के महज 30 मिनट बाद आप कोलकाता में होंगे। वह भी ट्रेन के किराये से कुछ ज्यादा देकर। महज 1500 रुपये में जमशेदपुर से कोलकाता के बीच बुधवार से विमान सेवा शुरू हो रही है।
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत शुरू होने वाली ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) सेवा के लिए एयर डेक्कन का विमान सोनारी एयरपोर्ट से उड़ान भरने लगेगा. सस्ती उड़ान सेवा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने एयर डेक्कन से समझौता किया है।
इस सेवा के तहत यात्री आधे घंटे में जमशेदपुर से कोलकाता पहुंच सकेंगे. उड़ान योजना के तहत लोग जमशेदपुर से कोलकाता तक का हवाई सफर मात्र 1500 रुपये में कर सकेंगे। सस्ती विमान सेवा योजना को सफल बनाने के लिए टाटा स्टील का सोनारी एयरपोर्ट किराया नहीं लेगा।
पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोनारी एयरपोर्ट की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। इस एयरपोर्ट से 19 सीटर विमान बुधवार को पहली बार कोलकाता के लिए उड़ान भरेगा।