झारखंड
बीएस-3 वाहनों पर प्रतिबंध से टाटा मोटर्स में संकट
By Deshwani | Publish Date: 31/3/2017 5:40:35 PM
प्रतीकात्मक फोटो
जमशेदपुर, (हि.स.)| उच्चतम न्यायालय के एक अप्रैल से बीएस-3 वाहनों पर प्रतिबंध के आदेश से देश की सबसे बड़ी कंपनियों में एक टाटा मोटर्स में संकट गहराने लगा है और यह आर्थिक मंदी की चपेट में आ सकता है। टाटा मोटर्स ने 31 मार्च यानि आज और 3 अप्रैल को ब्लॉक क्लोज़र घोषित किया है। कंपनी में आज काम बिल्कुल ठप है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुल 6500 बाईसिक्स कर्मियों (अस्थाई) में से हजार से भी ज्यादा को काम से बिठा दिया गया है। आने वाले दिनों में कंपनी कई बार ब्लॉक क्लोज़र की घोषणा कर सकती है। आपात स्थिति में नियमों के अनुसार साल में कंपनी 18 ब्लॉक क्लोजर कर सकती है, लेकिन जैसे हालात बन रहे हैं ये बढ़ाया भी जा सकता है जिसका खामियाजा टाटा मोटर्स के अस्थाई कर्मियों को भुगतना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में बीएस-3 स्तर के 56 हजार वाहन बनकर तैयार हैं, जिनपर एक अप्रैल से प्रतिबंध लग जाएगा। अब सवाल है कि आगे क्या होगा। इस मुद्दे पर कोई भी आधिकारिक बयान देने से बच रहे है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर प्लांट में एक दिन में लगभग 300 वाहन तैयार हो जाते हैं। यानि महीने में लगभग नौ हजार और साल में एक लाख से कुछ ज्यादा वाहन तैयार किये जाते है। अब ऐसे में हालात का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।