झारखंड
सड़क दुर्घटना में बच्ची की मौत, सड़क जाम
By Deshwani | Publish Date: 20/2/2017 5:02:54 PMजमशेदपुर, (हि.स.)। मुसाबनी के रुवाम गांव के समीप बस की चपेट में आने से छह साल की बच्ची की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बाद में आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी के साथ-साथ मुआवजा की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मुसाबनी डीएसपी अजीत विमल और सीओ की पहल के बाद सड़क जाम हटाया गया। गौरतलब है कि छह वर्षीय बच्ची लुगुन स्कूल जाने के लिए सड़क के किनारे खड़ी थी। तभी मुसाबनी से टाटा जा रही शंकरी नामक बस ने बच्ची को धक्का मार दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक बस लेकर फरार हो गया। घटना सुबह 9 बजे की है। दुर्घटना के बाद से बच्ची के पिता जेना मुर्मू और परिजन आक्रोशित हैं। मामले में डीएसपी (मुसाबनी) अजीत विमल ने कहा कि मुसाबनी में सड़क दुर्घटना में छह साल के बच्ची की मौत बस की चपेट में आने से हो गई है। मुआवजा और आरोपी बस चालक के गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानिय ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। बाद में बस मालिक पचास हजार रुपया मुआवजा देने को राजी हुआ। और तत्काल मुआवजा राशि रुपये में मृतक के परिजनों को पच्चीस हजार रुपया दिया गया। बाकी की राशि भी उन्हें जल्द ही दे दी जाएगी।