झारखंड
पारिवारिक विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 6/7/2017 11:06:23 AM
जमशेदपुर, जुलाई (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखण्ड में परिवारिक विवाद में तीन लोगों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी बेटी शामिल हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके बेटे का इलाज जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल में किया जा रहा है। इस दौरान हमलावर भी घायल हो गया। उसका इलाज पुलिस कस्टडी में किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रथम दृष्टि में इसे संपत्ति विवाद बता रही है। घटना को अंजाम मृतक के छोटे भाई ने दिया है।
घटना के संबंध में मुसाबनी डीएसपी अजीत विमल ने बताया कि डुमरिया प्रखण्ड के बांगबाकी के खारीदा पंचायत के खतपाल गांव के मोहनगुट्टू टोला में बुधवार रात सुदर्शन माकुड़ ने तेजधार भुजाली से घर में सो रहे अपने बड़े भाई गुरुचरण माकुड़ (45), उसकी पत्नी विमला माकुड़ (40), बेटी आलोचना माकुड़ (15) और राजेश माकुड़ (13) पर हमला कर दिया। इसमें उसके भाई, भाभी और भतीजी की मौत हो गई। जबकि इस घटना में उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने हत्या का कारण जमीन और संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद बताया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।