अंतरराष्ट्रीय
तीन देशों की अपनी राजकीय यात्रा के पहले दिन आइसलैंड पहुंचे राष्ट्रपति कोविंद, साथ में पत्नी भी मौजूद
By Deshwani | Publish Date: 9/9/2019 2:41:51 PMरेक्जाविक/नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन देशों की यात्रा के पहले दिन आइसलैंड पहुंच गए हैं। उनके साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद भी मौजूद हैं। इससे पहले राष्ट्रपति कोविंद रविवार रात को तीन देशों आइसलैंड, स्विट्जरलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा के लिए रवाना हुए। इन दौरान वे भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए तीनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ वार्ता करेंगे। 2005 में डॉ कलाम की यात्रा के बाद यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की आइसलैंड की पहली यात्रा है।
राष्ट्रपति आज यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे और बाद में भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात करेंगे। कोविंद यहां आइसलैंड के राष्ट्रपति गॉर्नी टी जोहान्सन और प्रधानमंत्री कैट्रिन जैकबस्दोतीर के साथ भी भेंट वार्ता करेंगे। राष्ट्रपति कोविंद आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए रविवार को देर रात आइसलैंड, स्विट्जरलैंड और स्लोवेनिया की नौ दिवसीय सरकारी यात्रा पर रवाना हुए थे। यात्रा का उद्देश्य भारत के राजनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूती देना है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी यात्रा के दूसरे चरण में 11 सितम्बर को स्विटजरलैंड के लिए रवाना होंगे। कोविंद वहां स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति के अलावा मंत्रियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वे अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में 15 सितम्बर को स्लोवेनिया जाएंगे। भारत के किसी भी राष्ट्रपति की स्लोवेनिया की यह पहली यात्रा होगी।