अंतरराष्ट्रीय
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में धमाका, 5 लोगों की मौत, 50 से अधिक घायल
By Deshwani | Publish Date: 3/9/2019 10:56:57 AMकाबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार देर रात हुए धमाके में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह धमाका कार में बम रखकर किया गया। हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है। यह जानकारी स्थानीय समाचार चैनल टोलो न्यूज से मिली है।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नसरत रहीमी ने बताया कि धमाका ग्रीन विलेज के पास हुआ है। जहां कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों एवं राहत सहायता एजेंसियों के कार्यालय हैं। उन्होंने कहा "दुर्भाग्य से विस्फोट ने एक किमी के दायरे में आवासीय घरों को नुकसान पहुंचाया।" ग्रीन विलेज कॉम्प्लेक्स को तालिबान विद्रोहियों ने पहले भी कम से कम तीन बार निशाना बनाया था। धमाके के बाद आसपास के इलाके की घेराबंदी की गई है।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान की सेना ने तालिबानी आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें तालिबान के एक प्रमुख कमांडर समेत 35 आतंकी मारे गए थे।