अंतरराष्ट्रीय
बलूचिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने बस से उतारकर 14 यात्रियों की गोली मारकर हत्या की
By Deshwani | Publish Date: 18/4/2019 2:17:02 PMइस्लामाबाद। बलूचिस्तान प्रांत में 15 से 20 हमलावरों ने एक बस में सवार 14 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। 2 लोगों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। अभी तक हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह बस कराची से ग्वादर जा रही थी।
वारदात गुरुवार को बुजी टॉप इलाके के मकरान कोस्टल हाईवे पर हुई। हमलावरों ने यात्रियों के पहचान पत्रों की जांच के बहाने नीचे उतारा।
खबरों के मुताबिक, बस से कुल 16 यात्रियों को उतारा गया था। अभी यह पता नहीं चल सका है कि हमलावर कौन थे और उनका मकसद क्या था। हमले में बचने वाले 2 लोगों को अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है।
बलूचिस्तान के मस्तुंग इलाके में 2015 में इसी तरह की घटना हुई थी। तब हमलावरों ने कराची जाने वाली बस से 24 लोगों को उतारकर अगवा कर लिया था। उनमें से 19 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।