मसूद को ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव फिर संयुक्त राष्ट्र में पेश, बढ़ सकता है अमेरिका और चीन में टकराव
संयुक्त राष्ट्र। अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बुधवार को एक मसौदा प्रस्ताव भेजा, जिसमें पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सरगना अजहर मसूद को प्रतिबंधित करने की बात की गयी है।
इस कदम के बाद अमेरिका के संयुक्त राष्ट्र में चीन के साथ संभावित टकराव की स्थिति उत्पन्न् गयी है। चीन ने अजहर को संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध सूची में शामिल करने के प्रयास में इस महीने की शुरुआत में अड़ंगा डाल दिया था।
अमेरिकी प्रस्ताव को फ्रांस और ब्रिटेन का समर्थन हासिल है, जिन्होंने इसी महीने अजहर के खिलाफ अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट कमिटी में प्रतिबंध के प्रस्ताव पर अमेरिका का साथ दिया था।
संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध समिति में यह प्रयास अटक जाने के बाद अमेरिका अजहर को प्रतिबंधित करने के प्रस्ताव को लेकर सीधे सुरक्षा परिषद पहुंच गया। कश्मीर में 14 फरवरी को हुए जैश के एक आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ गया है।
मसौदा प्रस्ताव में इस आत्मघाती हमले की निंदा की गयी है और निर्णय किया गया है कि अजहर को संयुक्त राष्ट्र के अल-कायदा एवं इस्लामिक स्टेट प्रतिबंधों की काली सूची में रखा जायेगा। यह स्पष्ट नहीं है कि मसौदा प्रस्ताव पर मतदान कब होगा। इस पर चीन वीटो कर सकता है। परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में ब्रिटेन, फ्रांस, रूस और अमेरिका के साथ चीन शामिल है।
ज्ञात हो कि मसूद अजहर को ब्लैकलिस्ट करने के लिए संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध समिति में 4 बार प्रयास हो चुके हैं। चीन ने इनमें से 3 कोशिशों को ब्लॉक कर दिया और हालिया कोशिश पर तकनीकी आधार पर अड़ंगा लगा दिया है, जिस वजह से प्रस्ताव 9 महीने के लिए होल्ड पर है।