अंतरराष्ट्रीय
बांग्लादेश में विमान अपहरण की कोशिश नाकाम, अपहर्ता गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 25/2/2019 10:25:44 AMढाका। बांग्लादेश में रविवार को ढाका से दुबई जा रही 'बिमान बांग्लादेश' की एक फ्लाइट को हाइजैक करने की कोशिश हुई। ढाका से विमान के उड़ान भरने के बाद एक बंदूकधारी कॉकपिट में घुस गया। इसके बाद चिटगांव के शाह अमानत इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर विमान की इमर्जेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान को बांग्लादेशी सुरक्षाकर्मियों ने चारों तरफ से घेर लिया और थोड़ी देर में सभी 142 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इकलौते बंदूकधारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार यह विमान स्थानीय समय के अनुसार शाम 5:15 बजे चिटगांव एयरपोर्ट उतरा था। ढाका से उड़ान भरने के बाद एक यात्री ने बंदूक लहराना शुरू कर दिया, जिसके बाद विमान में हड़कंप मच गया। बंदूकधारी ने दावा किया कि उसके कमर में सूइसाइड वेस्ट है। उसने बंदूक की नोक पर एक क्रू मेंबर को बंधक बना लिया। बंदूकधारी ने बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना से बात करने की भी मांग की।
सूत्रों के मुताबिक गनमैन ने कॉकपिट में घुसते वक्त फायरिंग भी की। बाद में विमान की चिंटगांव एयरपोर्ट पर इमर्जेंसी लैंडिंग कराई गई। जैसे ही विमान चिटगांव एयरपोर्ट पर उतरा, बांग्लादेशी सुरक्षा बलों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार बंदूकधारी विदेशी नागरिक है।