अंतरराष्ट्रीय
इटली के नाइटक्लब में अचानक मची भगदड़, 6 लोगों की मौत
By Deshwani | Publish Date: 8/12/2018 3:50:04 PMरोम। मध्य इटली के एनकोना के नजदीक स्थित एक नाइटक्लब में भगदड़ मचने से छह लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग ने आज यह जानकारी दी। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार संदेह है कि किसी ने वहां पेपर स्प्रे जैसे पदार्थ का इस्तेमाल किया था, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
विभाग ने ट्विटर पर एक बयान में कहा कि तेज गंध फैलने से लोगों में भगदड़ मच गई। दुखद है कि भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
मीडिया खबरों के अनुसार मृतकों में तीन लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं जो 18 वर्ष से कम आयु के हैं। इसके अलावा अपनी बेटी के साथ कॉन्सर्ट में आई एक महिला की भी हादसे में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायलों में से 12 की हालत गंभीर है।
चश्मदीदों ने बताया कि जान बचाने के लिए कुछ लोग एक छोटी दीवार से कूदे लेकिन वहां भीड़ से दबकर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एड्रिएटिक तट स्थित ‘ब्लू लैंटर्न क्लब’ में इटली के रैपर सफेरा एब्बास्ता की प्रस्तुति देखने के लिए करीब 1,000 लोग मौजूद थे।