स्वतंत्रता और शांति की दिशा में 'सुरक्षा कवच' बन सकते हैं भारत और अमेरिका: राष्ट्रपति ट्रंप
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि स्वतंत्रता, समृद्धि और शांति की दिशा में भारत के साथ अमेरिका का संबंध एक ‘‘सुरक्षा कवच’’ की तरह काम कर सकता है। राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट में जाने माने भारतीय-अमेरिकियों के साथ दिवाली मनाने के दौरान ये बातें कहीं। यह दूसरा साल है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और भारतीय मूल के अमेरिकियों के सबसे बड़े त्योहार को व्हाइट हाउस में मनाया। ट्रंप ने कहा, ‘‘हिंदुओं के रोशनी के त्योहार दिवाली के आयोजन के लिये यहां आकर मैं रोमांचित महसूस कर रहा हूं।
मुझे व्हाइट हाउस में इस खूबसूरत आयोजन की मेजबानी का सौभाग्य मिला है। बेहद खास लोग। ’’ ट्रंप ने कहा, ‘‘अमेरिका और दुनियाभर में बौद्ध, सिख और जैन धर्म के लोगों के इस बेहद खास त्योहार को मनाने के लिये हम व्हाइट हाउस में जमा हुए हैं। ’’ व्हाइट हाउस के ऐतिहासिक रूजवेल्ट रूम में औपचारिक दीया जलाने से पहले ट्रंप ने कहा, ‘‘यह त्योहार अंधकार के ऊपर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाता है। यह हर्षोल्लास से भरा अवसर है, जो प्रियजन, पड़ोसियों और समुदायों को एक दूसरे के करीब लाता है। ’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और स्वतंत्रता, समृद्धि एवं शांति की दिशा में दोनों देशों के बीच संबंध एक सुरक्षा कवच के तौर पर काम कर सकता है। ’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका के भारत से बेहद गहरे रिश्ते हैं और वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपनी मित्रता के लिये उनके आभारी हैं।
वहां मौजूद अपनी बेटी को दर्शकों से मुखातिब करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मोदी मेरे मित्र हैं और अब वह इनके (इवांका के) भी दोस्त हैं। मैं कह सकता हूं कि मेरे मन में भारत और भारतीयों के लिये बहुत सम्मान है। ’’ इसके जवाब में इवांका ने कहा, ‘‘बिल्कुल ठीक. ’’ इवांका पिछले साल भारत की यात्रा पर आयी थीं।