अंतरराष्ट्रीय
जॉर्ज क्लूनी की पत्नी अमल ने आंग सान सू की को संयुक्त राष्ट्र में सुनाई खरी खोटी
By Deshwani | Publish Date: 30/9/2018 12:08:40 PMसंयुक्त राष्ट्र। मानवाधिकार वकील और हालीवुड अभिनेता जॉर्ज क्लूनी की पत्नी अमल क्लूनी ने म्यामांर की नेता आंग सान सू की को पत्रकारों की गिरफ्तारी के मामले में जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने जेल में बंद रॉयटर के दो पत्रकारों की रिहाई की अपील की है। पत्रकारों को रिहा करने पर मुख्य रूप से नोबेल पुरस्कार विजेता सू ची निर्णय ले सकती हैं। दोनों ही पत्रकारों पर रोहिंग्या मुस्लिमों के जनसंहार की रिपोर्टिंग के दौरान म्यामां के गोपनीय कानून के उल्लंघन करने का आरोप है। दोनों पत्रकारों को इस महीने की शुरुआत में सात साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, जिस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश पैदा हो गया था।
संयुक्त राष्ट्र में प्रेस की आजादी को समर्पित एक कार्यक्रम में अमल क्लूनी ने कहा, म्यांमार सरकार चाहे तो आज ये सब खत्म हो सकता है। मानव संहार को छिपाया नहीं जा सकता। पत्रकारों को जासूस साबित करने से ये छिपने वाला नहीं है। आंग सान सू की ये बात अच्छी तरह से जानती हैं कि उनके देश में कैदियों के साथ किस तरह का व्यवहार किया जाता है। वह उन्हीं सेल के अंदर रही हैं, आज दो पत्रकार बंद हैं।
आंग सान सू की पूरी दुनिया में मानवाधिकारों के लिए लड़ने वाली एक बड़ा चेहरा थीं। लेकिन अब वर्मा में उनकी पार्टी की सरकार है। उसी सरकार में वह मंत्री हैं। हालांकि कई अधिकार अब भी सेना के पास ही हैं।
क्लूनी ने कहा कि पत्रकारों के परिवारों ने पहले ही उन्हें सजा माफी के लिए आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सू ची से सलाह लेने के बाद राष्ट्रपति माफी मंजूर कर सकते हैं। लेबनान मूल की ब्रिटिश मानवाधिकार वकील ने कहा, “सरकार अगर चाहे तो वह आज इस मामले को खत्म कर सकती है।'