अंतरराष्ट्रीय
अस्ताना पहुंची विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, कजाकिस्तान के लोगों की जमकर तारीफ
By Deshwani | Publish Date: 3/8/2018 10:58:19 AMनई दिल्ली। तीन मध्य एशियाई देशों की दौरे पर रवाना हुईं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सबसे पहले कजाकिस्तान पहुंची हैं। राजधानी अस्ताना पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से हुए स्वागत से गदगद सुषमा स्वराज ने कजाकिस्तान के लोगों की जमकर तारीफ की। यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे भारतीयों से ऐसा जुड़ाव इससे पहले कभी नहीं देखा गया। यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर यूपीए-2 के पीएम मनमोहन सिंह तक में किसी ने भी विदेश में जाकर भारतीय समुदाय से उस तरह बात नहीं की, जैसे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अस्ताना में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अस्ताना दुनिया की सबसे ठंडी राजधानियों में शुमार है लेकिन कजाकिस्तान के लोगों के स्वागत की गर्मजोशी इस ठंड को महसूस नहीं होने देती।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अस्ताना यात्रा के दौरान सुषमा स्वराज कजाकिस्तान के विदेश मंत्री कैरात अबदराखमनोव से मुलाकात करेंगी। स्वराज कजाकिस्तान के बाद किर्गीस्तान और उज्बेकिस्तान भी जाएंगी. विदेश मंत्री बनने के बाद स्वराज की इन देशों की यह पहली यात्रा है।