अंतरराष्ट्रीय
रिश्तों को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय मैकनिज्म बनाने पर सहमत हुए मोदी-जिनपिंग
By Deshwani | Publish Date: 27/7/2018 3:01:41 PMनई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय मैकनिज्म बनाने पर सहमत हुए हैं। कल चीन ने कहा कि जोहानिसबर्ग में मोदी और जिनपिंग के बीच मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों नेता उच्च स्तरीय मैकनिज्म बनाने पर सहमत हुए।
दोनों देशों के बीच पैदा होने वाले विवादों को उच्च स्तर पर प्राथमिकता से निपटाया जाएगा। पिछले तीन महीने में दोनों नेताओं के बीच यह तीसरी मुलाकात है। दोनों देशों के बीच मतभेदों को दूर करने के लिए पहली बार 28 अप्रैल को चीन के वुहान में मोदी और जिनपिंग के बीच अनौपचारिक बैठक हुई थी। इस दौरान दोनों नेता सीमा विवाद समेत सभी मुद्दों को सुलझाने पर सहमत हुए थे।
इसके बाद जून में चीन के किंगदाओ में दोनों नेताओं ने मुलाकात की। अब जोहानिसबर्ग में यह दोनों नेताओं की तीसरी मुलाकात है। इसमें दोनों नेताओं ने भारत और चीन के बीच पिछले तीन महीने में सुधरे रिश्तों का भी मूल्यांकन किया।
शी जिनपिंग के हवाले से चीन ने कहा, 'हमने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए एक टॉप लेवल मैकनिज्म बनाया है। इससे दोनों देशों के बीच सभी सेक्टर में बेहतर तालमेल बैठाने और रिश्तों को मजबूत बनाने का महौल बनेगा। साथ ही दोनों देशों की 2.6 अरब जनता की आकांक्षाओं को एक मंच पर रखा जा सकेगा। इसके अलावा एक बल गठित किया जाएगा, जो भविष्य में द्विपक्षीय संबंधों को तेजी प्रदान करेगा।