अंतरराष्ट्रीय
इमरान खान पाकिस्तान चुनाव जीते, गंठबंधन कर बनायेंगे सरकार
By Deshwani | Publish Date: 27/7/2018 12:11:06 PM इस्लामाबाद। पाकिस्तान में 25 जुलाई को हुए नेशनल असेंबली व स्टेट असेंबली के लिए एक साथ हुए चुनावों की मतगणना तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी है। चुनाव नतीजों में क्रिकेटर से राजनेता बने 65 वर्षीय इमरान खान की पार्टी न सिर्फ नेशनल असेंबली में बल्कि प्रांतीय असेंबली में भी बढ़त बनाये हुए है। पाकिस्तान के अग्रणी अखबार डॉन ने खबर दी है कि सुबह साढ़े आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक 272 सीटों वाली नेशनल असेंबली में इमरान खान की पार्टी 110 सीटों पर कब्जा कर सबसे आगे है। वहीं, 19 सीटों के लिए अभी मतगणना जारी है। दूसरी ओर इमरान खान की पार्टी ने चार प्रदेश वाले पाकिस्तान में दो राज्य में सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल कर लिया है। देश में सरकार बनाने के लिए 137 सीटें चाहिए। यह बहुत स्पष्ट है कि इमरान खान छोटे घटकों के माध्यम से बहुमत का जादुई आंकड़ा पा लेंगे। भारत की ही तरह पाकिस्तान की राजनीति में कई क्षेत्रीय पार्टियां व छोटे राजनीतिक घटक अहम भूमिका निभाने की स्थिति में आ जाते हैं। उधर, इमरान खान की झोली में अभी कुछ और सीटें आने की मजबूत संभावना है।
पाकिस्तान की संसद को नेशनल असेंबली कहा जाता है, जहां कुल 342 सीटें हैं। इनमें प्रत्यक्ष मतदान से 272 सीटों के लिए सांसद चुने जाते हैं। इन 272 सीटों में बुधवार को 270 सीटों के लिए वोट डाले गये थे।
देश की शेष 70 सीटों में बड़ी संख्या महिलाओं के लिए और कुछ सीटें धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं। इस बार पाकिस्तान में 15वीं नेशनल असेंबली गठन के लिए चुनाव हुआ है. यहां भी असेंबली का कार्यकाल पांच साल ही होता है।