अंतरराष्ट्रीय
सीमा पर भिड़े पाक और अफगान सेना, 6 की मौत
By Deshwani | Publish Date: 16/4/2018 1:32:12 PMनई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान सीमा पर कल दोनों देशों के सैनिकों की आपस में भिड़ंत हो गई। यह भिड़ंत पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार कर पूर्वी अफगानिस्तान के खोस्त में घूसपैठ की थी। जिसके बाद अफगान सेना ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों ओर से गोलीबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
इस घटना से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। खोस्त के कार्यवाहक पुलिस प्रमुख कर्नल अब्दुल हन्नान जरदान ने बताया कि कम से कम एक अफगान नागरिक और दो पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है। दो पाकिस्तानियों के शव पाकिस्तान के जनजातीय इलाके के पास सीमा के अफगान इलाके की ओर मिले हैं। तीन अन्य नागरिक भी घायल हुए हैं। खोस्त के प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता तालिब मंगल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि झड़प में दो अफगान नागरिक और चार पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के दो सैनिकों को अफगानिस्तान की जमीन पर हिरासत में लिया गया है।
पाकिस्तान की सेना ने बताया कि उसके अर्धसैन्य बल फ्रंटियर कोर के जवान सीमा पर सामान्य निगरानी कर रहे थे तभी अफगानिस्तान की ओर से उन पर गोलियां दागी गई। इनमें से दो की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पाक सेना ने यह नहीं बताया कि उसने क्या जवाबी कार्रवाई की। इसलिए है विवाद दोनों देशों को 2400 किलोमीटर लंबी डूरंड सीमा रेखा अलग करती है। इसे 1896 में तत्कालीन ब्रिटिश शासकों ने खींचा था।