अंतरराष्ट्रीय
ईसाई परिवार पर आईएसआईएस आतंकियों का टूटा कहर, 9 लोगों की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 3/4/2018 3:39:40 PMक्वेटा। आईएस आतंकियों का कहर बढ़ता ही जा रहा है। दो हमलों में बंदूकधारियों ने बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में एक ईसाई परिवार के चार सदस्यों सहित नौ लोगों की हत्या कर दी है। इस घटना पर पुलिस की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक यह दोनों ही घटनाएं 2 अप्रैल की हैं। वहीं, इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने ली है।
प्रांतीय पुलिस प्रमुख मोआज्जम जाह अंसारी ने कहा कि पहला हमला क्वेटा के शाह जमां रोड पर हुआ। बाइक सवार बंदूकधारियों ने एक रिक्शे पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई। इस घटना में अल्पसंख्यक ईसाई समुदाय के एक परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि ईसाई परिवार पर यह हमला जानबूझ कर जाति विशेष को निशाना बनाने जैसा लग रहा है। हमले में महिला के पिता और तीन अन्य रिश्तेदार मारे गये हैं। अंसारी ने कहा कि हम इस घटना की जांच कर रहे हैं कि यह रंजिश थी या फिर उन्हें जाति के आधार पर निशाना बनाया गया था।
दूसरी घटना में, क्वेटा के कामबरनी रोड पर दो समूहों में हिंसक संघर्ष हो गया जिसमें पांच लोग मारे गये और नौ अन्य घायल हो गए। कहा जा रहा है कि अल्पसंख्यक शिया मुसलमान हजारा अपने समुदाय के लोगों के खिलाफ हो रही हिंसा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। उसी दौरान दो गुटों में संघर्ष हो गया। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ईसाई परिवार पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने अपनी संवाद समिति अमाक पर इस संबंध में बयान जारी किया है। हालांकि, दूसरे हमले के पीछे किसका हाथ है, यह पता नहीं चल पाया है।