अंतरराष्ट्रीय
अमरीका ने 39 भारतीयों की हत्या पर शोक व्यक्त किया
By Deshwani | Publish Date: 21/3/2018 4:42:08 PM वॉशिंगटन। अमरीका ने इराक में 39 भारतीयों की हत्या पर ‘‘गहरा शोक’’ व्यक्त करते हुए कहा कि वह इन हत्याओं की निंदा करने में भारतीयों के साथ खड़ा है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कल (20 मार्च) भारत के संसद में 39 भारतीयों के इराक में मारे जाने की जानकारी दी थी। उनका वर्ष 2014 में मोसुल में आईएसआईएस के आतंकवादियों ने अपहरण कर लिया था। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं।
भारतीय मजदूरों की मौत पर किए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए अमरीका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम गहरा शोक व्यक्त करते हैं। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवार के साथ हैं। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम इन हत्याओं की निंदा करने में भारत के लोगों के साथ खड़े हैं। इराक के उत्तरी शहर मोसुल को ISIS के कब्जे से मुक्त करा लिया गया है।
भारतीय मजदूरों के शव मोसुल के उत्तर-पश्चिम स्थित बदसु गांव में दफन मिले हैं। इराक में 2014 में ISIS द्वारा 40 भारतीयों को अगवा किए जाने के मामले से निपटने के तरीके को लेकर विपक्ष की आलोचना के बीच केंद्रीय मंत्री वी के सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार युद्ध प्रभावित देश में ‘जीवन के प्रमाण’ की तलाश कर रही थी, क्योंकि उन्हें मृत घोषित कर देना ‘हमेशा एक आसान रास्ता’ था। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सोमवार को संसद को सूचित किया कि इराक में 2014 में अगवा किए गए 40 में से 39 भारतीय मारे जा चुके हैं और उन्हें एक सामूहिक कब्र में दफना दिया गया था।