अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका में सांसदों को लेकर जा रही ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त, एक मरा, 6 घायल
By Deshwani | Publish Date: 1/2/2018 6:22:32 PMवाशिंगटन (हि.स.)। अमरीका में रिपब्लिकन सांसदों को वाशिंगटन से वर्जीनिया लेकर जा रही ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस ट्रेन में सदन के अध्यक्ष पॉल रेयान समेत कांग्रेस के कई रिपब्लिकन सदस्य थे। यह जानकारी गुरुवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन बुधवार सुबह 11.20 बजे शर्लोट्सविले के बाहर वर्जीनिया के क्रोजेट में एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी कांग्रेस सदस्य और उनके परिवार सुरक्षित हैं। समाचार चैनल सीएनएन के अनुसार, कांग्रेस सदस्य और उनके परिवार के सदस्य ठीक हैं, उन्हें सिर्फ हल्की चोटें आई हैं।
सीएनएन के मुताबिक, छह घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मिनेसोटा से रिपबिल्कन सीनेटर जेसन लुईस को संभावित मस्तिष्काघात के ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
विदित हो कि रिपब्लिकन सदस्य एक विधायी रिट्रीट के लिए वेस्ट वर्जीनिया जा रहे थे। यह रिट्रीट बुधवार को शुरू हुई थी और शुक्रवार को समाप्त होगी। उपराष्ट्रपति माइक पेंस ट्रेन में सवार नहीं थे, लेकिन वह बुधवार को सदस्यों को संबोधित करने वाले थे। राष्ट्रपति ट्रंप उन्हें गुरुवार को संबोधित करने वाले थे। पेंस ने ट्वीट कर कहा कि वह स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।