अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका ने हमास के मुखिया को आतंकी सूची में डाला
By Deshwani | Publish Date: 1/2/2018 6:17:47 PMवाशिंगटन (हि.स.)। अमेरिका ने फिलिस्तीनी संगठन 'हमास' के प्रमुख इस्माइल हनिया को आतंकवादी सूची में डाल दिया है और उस पर कई प्रतिबंध लगा दिए हैं। यह जानकारी गुरुवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ हनिया का हमास की सैन्य इकाई के साथ नजदीकी संबंध है और वह आम लोगों के संघर्ष सहित सशस्त्र संघर्ष के समर्थक रहा है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘वह इजरायली नागरिकों के खिलाफ हिंसा में कथित तौर पर शामिल रहा है। आतंकवादी हमलों में 17 अमेरिकी नागरिकों के मारे जाने के लिए हमास जिम्मेदार है।’’
जानकारों के मुताबिक, अमेरिका के इस कदम से तनाव बढ़ सकता है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यरूशलेम को इजरायल की राजधानी के रूप में मान्यता दी थी। उनके इस फैसले की दुनिया भर में आलोचना हुई थी। साथ ही इस क्षेत्र में हिंसा भड़की थी और दुनियाभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे।