अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान पहुंची सं.रा. की टीम, हाफिज की गिरफ्तारी पर लगी रोक
By Deshwani | Publish Date: 25/1/2018 6:13:01 PMइस्लामाबाद (हि.स.)। मुंबई आतंकी हमले के सूत्रधार हाफिज सईद पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के अनुपालन का आकलन करने के लिए यूएनएससी की एक टीम पाकिस्तान पहुंच गई है।यह जानकारी गुरुवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
संयुक्त राष्ट्र की टीम इस बात का मुआयना करेगी कि लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक सईद पर लगाए गए प्रतिबंधों का पाकिस्तान कितना पालन कर रहा है?
हालांकि इस बात की उम्मीद कम ही है कि टीम की सईद तक सीधी पहुंच संभव हो पाएगी। स्थानीय मीडिया में ऐसी खबरें आई हैं कि पाकिस्तान इस टीम को सईद और उसके संगठनों तक सीधी पहुंच की इजाजत नहीं देगा।
इस बीच हाफिज गिरफ्तारी से बचने के लिए लाहौर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने गुरुवार को उसकी गिरफ्तारी पर 17 मार्च तक रोक लगा दी है।
जियो न्यूज के अनुसार, यूएनएससी की प्रतिबंध निगरानी टीम बुधवार देर रात पाकिस्तान पहुंच गई। इस टीम के आगमन को लेकर हालांकि पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
संयुक्त राष्ट्र निगरानी टीम का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब सईद और उसके संगठनों पर लगे प्रतिबंधों को ठीक से लागू नहीं करने को लेकर अमेरिका और भारत द पाकिस्तान पर लगातार दबाव बना रहा है। लश्कर संस्थापक सईद को दिसंबर, 2008 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्वीकृत प्रस्ताव 1267 में आतंकी के तौर पर सूचीबद्ध किया गया था।