अंतरराष्ट्रीय
गिरफ्तारी के डर से हाफिज अदालत की शरण में
By Deshwani | Publish Date: 24/1/2018 4:50:36 PMइस्लामाबाद, (हि.स.)। मुंबई हमले के सूत्रधार और आतंकी सरगना हाफिज सईद को अब गिरफ्तारी का डर सताने लगा है। उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए लाहौर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि अमेरिका और भारत के कहने पर सरकार उसे गिरफ्तार करना चाहती है।
विदित हो कि हाफिज और उसके संगठनों पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से लगाए प्रतिबंधों के अनुपालन का आकलन करने संयुक्त राष्ट्र की टीम कल (गुरुवार ) को इस्लामाबाद आ रही है। यही वजह है कि हाफिज की व्याकुलता बढ़ गई है।
संभावित गिरफ्तारी की आशंका से घिरे सईद ने अपने वकील एके डोगर के जरिए दायर याचिका में अदालत से सरकार को उन्हें गिरफ्तार नहीं करने के निर्देश देने की मांग की है। हाफिज ने याचिका में अदालत से सरकार को यह निर्देश देने की भी मांग की है कि उसके संगठनों पर भी किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाए।