अंतरराष्ट्रीय
वेनेजुएला में भूखे लोगों ने पत्थरों से मार कर ली गाय की जान
By Deshwani | Publish Date: 14/1/2018 4:09:24 PMकराकस (हि.स.)। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। लोग दाने - दाने को तरस गए हैं। हाल यह है कि खाद्य पदार्थों की लूटपाट की घटनाएं आम हो चुकी हैं। भूख से त्रस्त लोगों की भीड़ दूध और अनाज को देखते ही लूट लेते हैं। यहां लोग जानवरों को भी मार कर खाने लगे हैं।
ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना शनिवार को सामने आई। लोगों की एक भीड़ ने अपनी भूख शांत करने के लिए एक गाय को पत्थरों से मार-मार कर उसकी जान ले ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला वेनेजुएला के मेरिडा के हसिएंडा मीराफ्लोर्स का है। भूखे लोगों की भीड़ ‘हम भूखे हैं, हम भूखे हैं’ चिल्लाते हुए गाय के पीछे भाग रहे थे। लोगों ने गाय को चारों तरफ से घेर कर उस पर पत्थरों से हमला कर दिया। वीडियो में कुछ लोगों को लाठी-डंडों से मारते हुए भी देख जा सकता है।
गाय के मरने के बाद उसके मांस के लिए बहुत से अन्य लोग भी वहां इकट्ठा हो गए।रिपोर्ट के मुताबिक, यह एकमात्र घटना नहीं है। देश के कई हिस्सों में भूखी भीड़ गायों को अकसर मार देती है। इसके बावजूद राष्ट्रपति निकोलस माडुरो पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है।
सरकार की ओर से लोगों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। भूखे लोगों के हिंसक विरोध-प्रदर्शनों में अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी हैं।