अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान ने कार्यकारी भारतीय उपउच्चायुक्त को बुलाया
By Deshwani | Publish Date: 12/1/2018 6:04:29 PMइस्लामाबाद (हि.स.)। पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर कथित युद्ध विराम के उल्लंघन को लेकर शुक्रवार को कार्यकारी भारतीय उपउच्चायुक्त को बुलाया और घटना की निंदा की। सीमा पर से हुई इस गोलीबारी में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
पाकिस्तान विदेश कार्यालय का दावा है कि गुरुवार को भारतीय जवानों ने कोट कोटेरा सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इस अचानक गोलीबारी में पीर खन्ना गांव में एक 65 वर्षीया महिला की मौत हो गई।
समाचार पत्र डॉन के अनुसार, पाकिस्तान विदेश विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि दक्षिण एशिया और सार्क के महानिदेशक मोहम्मद फैसल ने कार्यकारी भारतीय उपउच्चायुक्त को बुलाया और सीमा पार से अचानक की गई फायरिंग की निंदा की।
उन्होंने कहा, “ संयम बरतने की मांग के बावजूद भारत की ओर से लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा रहा है। ” फैसल ने दावा किया कि साल 2017 से भारत ने नियंत्रण रेखा पर 1900 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।" उन्होंने कहा कि संघर्ष विराम का उल्लंघन क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा है।