अंतरराष्ट्रीय
बीबीसी की चीन संपादक ने दिया इस्तीफा
By Deshwani | Publish Date: 8/1/2018 7:16:24 PMलंदन (हि.स.)। वेतन की असमानता को मुद्दा बनाकर बीबीसी चीन की संपादक कैरी ग्रेसी ने इस्तीफ़ा दे दिया है। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
बीबीस के अनुसार, कैरी ग्रेसी का कहना है कि बीबीसी में महिला कर्मचारियों को पुरुष कर्मचारियों के मुकाबले कम वेतन दिया जाता है। करीब तीस साल से बीबीसी के साथ काम कर रही ग्रेसी ने अपने एक खुले पत्र में बीबीसी कॉर्पोरेशन पर 'गुप्त और ग़ैर क़ानूनी वेतन स्ट्रक्चर' के आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा है कि डेढ़ लाख ब्रितानी पाउंड से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों में दो-तिहाई पुरुषों के होने की जानकारी सामने आने के बाद से बीबीसी 'भरोसे के संकट' का सामना कर रही है।
उधर, बीबीसी का कहना है कि संस्थान में 'महिलाओं के ख़िलाफ़ कोई भेदभाव नहीं है। वैसे ग्रेसी का कहना है कि उन्होंने बीबीसी चीन की संपादक के तौर पर बीते सप्ताह ही इस्तीफ़ा दे दिया है, लेकिन वह संस्थान के साथ बनी रहेंगी। उन्होंने कहा है कि वह टीवी न्यूज़रूम में अपनी पूर्व भूमिका में लौट रही हैं जहां उन्हें उम्मीद है कि वेतन पुरुषों के बराबर मिलेगा।