अंतरराष्ट्रीय
तुर्की : तख्तापलट मामले में 54 वि.वि. कर्मचारी गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 27/12/2017 4:21:20 PMइस्तानबुल, (हि.स.)। तुर्की में गत साल हुए तख्तापलट के विफल प्रयास के मामले में पुलिस ने बुधवार को इस्तानबुल के फतीह विश्वविद्यालय के 54 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
समाचार एजेंसी अनादोलू की रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों का संबंध कथित रूप से अमेरिका में रहने वाले इस्लामी उपदेशक फतुल्ला गुलेन से था। विदित हो कि फतीह विश्वविद्यालय को बंद कर दिया गया है।
बताया जाता है कि पुलिस के पास फतुल्ला गुलेन से संबंध रखने वाले फतीह विश्वविद्यालय के करीब 171 शिक्षकों और कर्मचारियों के गिरफ्तारी वारंट थे। हालांकि मौलवी गुलेन ने तख्तापलट के प्रयास में अपनी संलिप्तता से साफ इन्कार किया है।
उल्लेखनीय है कि गत साल 15 जुलाई को हुई तख्तापलट की विफल कोशिश के बाद से करीब 50,000 नौकरशाह और सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। इतना ही नहीं करीब डेढ़ लाख कर्मचारियों को निलंबित या बर्खास्त भी किया गया है।
तुर्की के दक्षिणपंथी संगठन इसे जहां विद्रोह को कुचलने वाली कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं सरकार का कहना है कि सुरक्षा खतरे के मद्देनजर इस तरह का कदम उठाना जरूरी था।