अंतरराष्ट्रीय
मुशर्रफ ने आतंकियों को बताया सच्चा देशभक्त
By Deshwani | Publish Date: 17/12/2017 4:02:29 PMइस्लामाबाद, (हि.स.)। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने एक बार फिर आतंकियों का समर्थन किया है। साथ ही कहा कि वह देश हित में जमात-उद -दावा और लश्कर-ए- तैयबा के साथ गठबंधन को तैयार हैं। यह जानकारी रविवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
एक न्यूज़ चैनल के साथ एक साक्षात्कार के दौरान पूर्व सैन्य तानाशाह ने कहा कि ये दोनों दल राष्ट्रभक्त लोग हैं। इन लोगों ने पाकिस्तान के लिए अपनी जान की बाजी लगाई है। अगर ये राजनीतिक पार्टी बनाते हैं तो कोई उनका विरोध क्यों करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि अभी तक इन दो पार्टियों के नेताओं ने उनसे बात नहीं की है, अगर वे बात करते हैं तो वह गठबंधन के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह लश्कर और जमात-उद-दावा के सबसे बड़े समर्थक हैं और उन्हें पता है कि वह भी उन्हें चाहते हैं।
विदित हो कि अभी पिछले महीने ही मुशर्रफ ने कबूला था कि उन्हें हाफिज सईद काफी पसंद है। एक पाकिस्तानी चैनल को दिए साक्षात्कार में उन्होंने खुलकर कहा था कि उन्हें लश्कर- ए- तैयबा से प्यार है। वैसे पूर्व तानाशाह ने करीब 23 राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन की बात भी कही है।