अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री खुश नहीं
By Deshwani | Publish Date: 13/12/2017 6:52:32 PMवाशिंगटन, (हि.स.)। अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने अपने काम की चर्चा के दौरान पाकिस्तान और उत्तर कोरिया के साथ काम करने में मजा नहीं आने की बातें कहीं। यह जानकारी बुधवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
मंत्रालय के कर्मचारियों के साथ संवाद के दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ संबंध पहले जैसे नहीं हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने कहा कि दक्षिण एशियाई देश पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान गिरावट आई है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों को साझा हितों के मद्देनजर संबंध बहाल करने की जरूरत है। हालांकि उन्होंने विस्तार से जानकारी नहीं दी।
विदेश मंत्री ने कहा पाकिस्तान अब भी अमेरिका का एक महत्वपूर्ण साझेदार है, पिछले दशक के दौरान दोनों देशों के संबंधों में गिरावट आई है और साझा हित के लिए इसे सुधारने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा इसलिए वह उनकी अपनी स्थिरता और उनके भविष्य तथा उनके ही भूभाग में आतंकवादी संगठनों को सक्रियता की अनुमति दिए जाने की वजह से उनके आसन्न खतरे के संबंध में पाकिस्तान के साथ खुली बातचीत कर रहे हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि पूरे क्षेत्र में शांति और स्थिरता लाने के लिए उनके साथ काम करने का तरीका खोजना होगा।