अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 29/11/2017 6:36:07 PMन्यूयॉर्क, (हि.स.)। अमेरिका के मिसिसिपी प्रांत में लूटपाट के दौरान एक 21 वर्षीय भारतीय व्यक्ति की उसके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह जानकारी बुधवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
स्थानीय टीवी चैनल ने पुलिस के हवाले से बताया कि रविवार को मिसिसिपी के जैक्सन शहर में लूटपाट के दौरान लुटेरों ने संदीप सिंह नामक युवक के पेट में गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार, सिंह को मिसिसिपी मेडिकल सेंटर ले जाया गया जहां सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। वह चार साल पहले पर्यटन वीजा पर अमेरिका आये थे और बाद में उन्हें ‘वर्क परमिट’ मिल गया था।
संदीप पंजाब के जालंधर के रहने वाले थे। पुलिसे के मुताबिक, संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। बताया जाता है कि हमलावर टोपीनुमा जैकेट और दस्ताने पहन रखे थे। विदित हो कि कुछ दिन पहले ही चार सशस्त्र लुटेरों ने एक अन्य भारतीय छात्र की भी हत्या कर दी थी।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मामले की निप्षक्ष जांच कराने की मांग की है।