अंतरराष्ट्रीय
जापान में 20 सेकेंड पहले ट्रेन के रवाना होने पर कंपनी ने मांगी माफी
By Deshwani | Publish Date: 17/11/2017 4:33:23 PMटोक्यो, (हि.स.)। भारत में ट्रेन का घंटों देर होना कोई मायने नहीं रखता है। वहीं जापान में एक ट्रेन के 20 सेकंड पहले रवाना होने पर एक ट्रेन कंपनी को माफी मांगनी पड़ी। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि जापान में बुलेट ट्रेन और रेल प्रणाली समय की प्रतिबद्धता के लिए प्रसिद्ध है। यही वजह है कि जापान में रेलवे का संचालन करने वाली एक कंपनी ने एक ट्रेन के 20 सेकंड पहले स्टेशन से रवाना होने के कारण यात्रियों को हुई अत्याधिक परेशानी के लिए क्षमा मांगी है।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, समय का पालन करने और अपनी शिष्टता के लिए मशहूर जापान इस घटना से हैरान है। टोक्यो और उसके उत्तरी उपनगरों को जोड़ने वाली सुकुबा एक्सप्रेस ट्रेन मिनामी नगरेयामा स्टेशन से 9 बजकर 44 मिनट 40 सेकंड की बजाय 9 बजकर 44 मिनट 20 सेकंड पर रवाना हो गई थी।
सुकुबा एक्सप्रेस कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “ यात्रियों को हुई भारी परेशानी के लिए हम माफी चाहते हैं।” फर्म का कहना है कि इस संबंध में किसी यात्री ने कोई शिकायत नहीं की है। इस घटना के कारण किसी यात्री की ट्रेन नहीं छूटी थी।