अंतरराष्ट्रीय
कैंब्रिज वि.वि. के पिट क्लब में महिलाओं को मिली भागीदारी
By Deshwani | Publish Date: 12/11/2017 5:22:44 PMलंदन, (हि.स.) । कैंब्रिज विश्वविद्यालय के प्राइवेट मेंबर क्लब ने अपने 180 साल के इतिहास में पहली बार महिलाओं की भागीदारी की अनुमति दी है। यह जानकारी रविवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि सदस्यों ने महिलाओं की अनुमति देने के लिए मतदान किया। इस क्लब की शुरुआत तत्कालीन प्रधानमंत्री विलियम पिट ने साल 1835 में किया था और तब से इसमें केवल पुरुषों की ही भागीदारी थी।
छात्रों के अखबार ‘वर्सिटी’ के मुताबिक, क्लब ने इस सप्ताह पुष्टि कर दी कि वह अब महिलाओं के लिए खुला है जिसका मतलब है कि उन्हें सदस्य चुने जाने का बराबर का अधिकार होगा।
क्लब ने एक बयान में कहा, ''विश्वविद्यालय पिट क्लब के अधिकतर रेजिडेंट सदस्यों ने महिला सदस्यों को चुनने के लिए वोट किया। क्लब अपनी पहली महिला सदस्यों का स्वागत करने के लिए तैयार है।''
अब तक महिलाएं सहयोगी सदस्यों के साथ कैंपस के क्लब हाउस के कार्यक्रम में जा सकती थीं, लेकिन अपनी मर्जी से उसमें शिरकत नहीं कर सकती थीं। कल्ब में बराबरी के लिए महिलाएं कई बार मांग कर चुकी थीं, लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला। पिछले हफ्ते इस संबंध में फैसले के लिए वोटिंग रखी गई, जिसमें पुरुषों के क्लब पर एकाधिकार के खिलाफ वोट ज्यादा दिए गए और महिलाओं के पक्ष में वोट किए गए।