झारखंड
पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह हत्या मामले में दोषी करार
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2017 3:07:08 PMहजारीबाग। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के करीबी और पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को हजारीबाग की एक अदालत ने 22 साल पुराने हत्या मामले में दोषी करार दिया है। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 23 मई को सजा सुनाई जाएगी। मामला संयुक्त बिहार के पटना जिले से जुड़ा है।
पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक प्रभुनाथ सिंह पर बिहार के मसरख के तत्कालीन विधायक अशोक सिंह की हत्या करवाने का आरोप है। अशोक सिंह के काफिले पर बम फेंक कर हत्या करने से संबंधित मामला न्यायालय में चल रहा था। संयुक्त बिहार के समय ही आरोपी मामले को प्रभावित नहीं कर सकें, इस दृष्टि से इस मामले को हजारीबाग न्यायालय में स्थानांतरित किया गया था। कांड संख्या 418/97 में हजारीबाग के डीजे नवम सुरेन्द्र शर्मा ने आरोपी प्रभुनाथ सिंह को दोषी करार दिया।