झारखंड
यशवंत करेंगे महुदी में रामनवमी जुलूस का नेतृत्व
By Deshwani | Publish Date: 3/4/2017 5:43:06 PMहजारीबाग, (हि.स.)। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने सोमवार को हजारीबाग परिसदन में डीसी रविशंकर शुक्ला और एसपी अनूप बिरथरे के साथ बैठक की। बैठक में प्रशासन ने सिन्हा को बड़कागांव प्रखंड के महुदी गांव की स्थिति व वहां की सुरक्षा व्यवस्था से भी अवगत कराया। पूर्व की तरह ही महुदी में प्रशासन ने बैरिकेडिंग करवाया है।
गौरतलब है कि महुदी में 1984 के बाद से रामनवमी का जुलूस नहीं निकाला जा रहा है। तब जुलूस मार्ग को लेकर विवाद के कारण 1984 से गांव में जुलूस निकाला जाना बंद है। इस वर्ष स्थानीय लोगों ने महुदी में रामनवमी का जुलूस निकालने का निर्णय लिया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने इस जुलूस का नेतृत्व करने की घोषणा की है। यशवंत सिन्हा की मंगलवार को अष्टमी पर महुदी में रामनवमी का जुलूस निकालने की योजना है। जिला प्रशासन की तैयारियों से अवगत होने के बाद जयंत सिन्हा ने कुछ निर्देश और सलाह प्रशासनिक अधिकारियों को दी। उन्होंने रामनवमी जुलूस निकालने वाले विभिन्न क्लबों और अखाड़ों को सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया।