झारखंड
सिन्हा ने कहा, चीन के साथ सीमा विवाद सुलझाए भारत
By Deshwani | Publish Date: 7/7/2017 6:28:32 PMहजारीबाग, (हि.स.)। पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा ने भारत-चीन सीमा विवाद को बातचीत से हल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि चीन जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहा है, वह घोर आपत्तिजनक है। दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने है, लेकिन हमें युद्ध को टालना चाहिए। सिन्हा शुक्रवार को हजारीबाग के डेमोटांड में अपने आवास ऋषभ वाटिका में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि चीन दोहरा रवैया अपना रहा है। एक तरफ चीन 1890 के समझौते की दुहाई दे रहा है। वहीं सीमा के निर्धारण के लिए बने मैकमोहन रेखा को वह मानने से इंकार कर रहा है। दोनों देशों को अपने हितों को ध्यान में रखकर वार्ता कर सीमा विवाद का तर्क संगत हल निकालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चाहता है कि भारत का उत्तर और पूर्व की सीमा भी विवादित हो ताकि वह निर्बाध रूप से पश्चिम की सीमा से आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इजरायल यात्रा को ऐतिहासिक बताया। साथ ही कहा कि सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए कि अरब देशों के साथ हमारे मित्रता पर असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले 25 सालों से इजरायल के साथ बेहतर संबंध रहा है। इजरायल की यात्रा से देश को तकनीक विशेषकर कृषि और रक्षा क्षेत्र में लाभ होगा।