झारखंड
उत्पादों को प्रतिस्पर्धी बनायें उद्योगपति : जयंत सिन्हा
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2017 5:42:04 PMहजारीबाग, (हि.स.)। सरकार उद्योगों को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए मूलभूत सुविधायें उपलब्ध करा रही है। केन्द्र से लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन भी इस दिशा में काम कर रहा है। उद्योगपतियों को अपने उत्पादों को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए काम करना होगा। देश और दुनिया में अपने उत्पादों को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए स्वयं प्रयास करना होगा, इसके लिए सरकार की ओर देखने की जरूरत नहीं है। झारखंड में औद्योगिक विकास का स्कोप है। शुक्रवार को यह बातें कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज की ओर से हजारीबाग में सेशन आफ मोमेन्टम झारखंड विषय पर आयोजित सेमिनार में केंद्रीय उड्डययन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने कहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर से आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। देश और दुनिया से निवेशक झारखंड आने को तैयार हैं। कृषि की तुलना में सेवा और उद्योग में जीवन स्तर बेहतर होता है। कार्यक्रम में टाटा स्टील के सुनील भाष्करण ने कहा कि विश्व में भारत तेजी से विकास करने वाला देश बना है। इसमें झारखंड की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। सरकार झारखंड में तेजी से औद्योगिक विकास और निवेश के लिए बेहतर उपाय कर रही है। आने वाले समय में राज्य के औद्योगिक विकास में तेजी आयेगी। कार्यक्रम में उद्योगपति और सीआईआई के ए के श्रीवास्तव, अमिताभ बख्शी और राहुल सिंह सहित कई अन्य भी उपस्थित थे।