हजारीबाग, (हि.स.)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरणगंज में बजरंग दल के कार्यकर्ता मनोज कुमार को अज्ञात अपराधियों ने तलवार मार कर घायल कर दिया। वह इंद्रपुरी में मनोज पैथोलॉजी नाम से जांच केंद्र चलाता है। वह ब्लड सैंपल लेने हरणगंज आया हुआ था। हमलावर मटिज गाड़ी बीआर47- 4141 में बैठकर आये थे और उसे गाड़ी में बैठा कर ले जाने की कोशिश भी कर रहे थे। हालांकि इसमें अपराधी सफल नहीं हो सके। मनोज कटकमदाग का ढेंगुरा निवासी है। तलवार से हुए हमले में उसके सर पर गहरी चोट आयी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल से रिम्स रेफर कर दिया गया। यहां उसकी स्थिति गंभीर है। मामले में थाने में एफआईआर करा दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।