हाजीपुर
युवती की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया
By Deshwani | Publish Date: 24/4/2018 4:03:21 PM हाजीपुर। बिहार में हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवती को गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना सदर थाना क्षेत्र में मनुआ गांव के समीप हुई। मृतका प्रीति उर्फ सोनी कुमारी (25) लालगंज थाना क्षेत्र के बसंता जहानाबाद पंचायत के खीरी टोला निवासी अशोक कुमार सिंह की पुत्री थी।
यह घटना तब हुई जब वह हाजीपुर में डॉक्टर से दिखाकर अपने भाई मनीष कुमार के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने काफी नजदीक से युवती के सीने में गोली मार दी। गोली आर-पार हो गयी और मौके पर उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद दोनों अपराधी लालगंज की ओर भाग निकले। घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने मनुआ और घटारो के समीप जाम कर वाहनों की आवाजाही ठप कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने खदेड़ दिया।