बिहार
आरजेडी नेता सुरेश चौधरी को अपराधियों ने गोलियों से भूना, गोरखपुर किया गया रेफर
By Deshwani | Publish Date: 3/9/2020 11:01:16 AMगोपालगंज। बिहार में अपराधी बेखौफ हैं। वे राजनेताओं तक को निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला अब गोपालगंज जिले का है जहां आरजेडी नेता सुरेश चौधरी को अपराधियों ने आज तड़के गोली मार दी। चौधरी मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकल रहे थे उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मारी। गोपालगंज सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच करने के बाद सुरेश चौधरी को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुरेश चौधरी गुरुवार सुबह अपने दरवाजे पर टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए एक युवक ने पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरेश चौधरी को सीने पर तीन गोलियां लगी है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है। वारदात कैसे हुई पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है।
इलाके लोग बताते हैं कि सुरेश चौधरी करीब दो दशक से अपराध जगत से जुड़े हैं। सुरेश के खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। ट्रिपल मर्डर और इंस्पेक्टर को गोली मारने समेत कई आपराधिक मामलों में जेल भी जा चुके हैं। वे राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता भी हैं।