गोड्डा
पुलिस के जवान योग से दूर कर रहे हैं तनाव
By Deshwani | Publish Date: 21/1/2017 3:05:32 PMगोड्डा, (हि. स.)। झारखंड पुलिस के जवान तनाव दूर करने के लिए योग का सहारा ले रहे हैं। फिट रहने के लिए थाना परिसर में योग की शिक्षा दी जा रही है। शनिवार को जिले के ललमटिया थाना परिसर में योग शिक्षा का संचालन आरंभ किया गया।
योग शिक्षिका नीलिमा कुमारी ने तमाम अधिकारियों और जवानों को सूक्ष्म योग एवं प्राणायाम के कई आसनों की जानकारी दी। उन्हें सूर्य नमस्कार, कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित कई अन्य आसन सिखाए गए। अधिकारियों एवं जवानों ने रूचि के साथ इस योग कक्षा में शिरकत किया तथा कई आसनों के संबंध में योग शिक्षिका से प्रश्न भी किए।
आमतौर पर ड्यूटी के दौरान होने वाले तनाव व थकान को दूर करने के लिए कई सूक्ष्म आसनों के माध्यम से इस पर काबू करने की जानकारी ज्यादातर पुलिसकर्मियों को अच्छी लगी। योग कक्षा में थाना प्रभारी मनोहर करमाली, सहायक अवर निरीक्षक जाफरान खान, व एके मेहता सहित कई अधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।