झारखंड
पेड़ से टकराई बोलेरो, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी सहित चार की मौत
By Deshwani | Publish Date: 8/5/2017 3:41:08 PMगिरिडीह, (हि.स.)। गिरिडीह-मधुपुर मार्ग स्थित झलकडिहा के पास सोमवार को एक बोलेरो पेड़ से जा टकराई। जिससे बोलेरो में सवार छह लोगों में चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना सुबह लगभग चार बजे की है। बोलेरो में सवार सभी लोग छोटकी खरगडीह से बारात में शामिल होने के लिए देवघर पातर गए थे। इस दौरान चालक को झपकी लग गयी और तेज रफ्तार में जा रही बोलेरो एक पेड़ में जा टकरायी। हादसे में पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा के थाना प्रभारी महेश वर्मा, बेंगाबाद थाना के खरगडीहा गांव निवासी डॉ सुरेश वर्मा, राजेश वर्मा और थाना प्रभारी के निजी ड्राइवर सिकंदर यादव की मौत हो गई। जबकि दो लोग देवेंद्र साव और सुरेश साव जख्मी हो गए। इन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। ये दोनों छोटकी खरगडीहा के रहने वाले है।