गिरिडीह
झारखंड: 14 नक्सली गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद
By Deshwani | Publish Date: 6/3/2018 8:47:29 PMगिरिडीह। सीआरपीएफ व गिरिडीह जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने डुमरी थाना क्षेत्र के अबकीटांड़ में छापेमारी कर चार महिलाओं समेत 14 नक्सलियों को गिरफ्तार करने व हथियारों का जखीरा बरामद करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार नक्सलियों में सुनील मुर्मू 25 लाख, चार्लीस उर्फ शेखर उर्फ दिनेश पांच लाख व सोहन भुइयां पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली है।
इसे झारखंड व बिहार में अब तक हासिल की गई सबसे बड़ी नक्सली सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लगातार 24 घंटे से अधिक समय से छापेमारी व पूछताछ चल रही है। पुलिस को अभी पारसनाथ जोन के प्रभारी व 15 लाख रुपये के इनामी कृष्णा मांझी एवं विरसेन की तलाश है। दोनों कुख्यात नक्सली हैं। विरसेन करीब तीन साल पूर्व चाइबासा जेल ब्रेक कर अपने दो सहयोगियों समेत फरार हो गया था।